मध्य प्रदेश में लॉकडाउन का आज 13वां दिन है। यहां कोरोना संक्रमित बढ़ रहे हैं। सोमवार को राज्य में 5 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई। इंदौर में चार कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा तो भोपाल में एक की मौत हुई। इंदौर में आज जिन चार लोगों की जान गई उनमें 54 साल के पुरुष को हाइपरटेंशन और अस्थमा भी था। 50 साल के एक पुरुष को डायबटीज भी था। वहीं, 56 साल की एक अन्य पुरुष को भी डायबटीज था। इन तीन के अलावा कोरोना संक्रमित 60 साल की एक महिला ने भी दम तोड़ा। उसे भी डायबटीज था। इनके अलावा भोपाल में एक 52 साल के व्यक्ति की मौत हुई थी। वहीं, राजधानी भोपाल में सोमवार रात को लॉकडाउन का उल्लंघन करने से रोकने पर दो बदमाशों ने पुलिस कर्मियों पर हमला करने की खबर आई। सूत्रों के मुताबिक, पुराने भोपाल में दो आदतन अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
जमातियों ने बढ़ाई समस्या
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शिरकत के बाद लौटे जमातियों के संपर्क में आने वाले कई लोग संक्रमित हो चुके हैं। कुछ पर यह खतरा मंडरा रहा है। भोपाल में 20 जमाती पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। यहां टोटल लॉकडाउन है। ग्वालियर में क्वारैंटाइन किए गए जमातियों द्वारा डॉक्टरों से बदसलूकी और उन पर थूकने की शिकायतें मिली हैं। भोपाल और इंदौर कलेक्टर ने नियमों का उल्लंघन करने वालों को गिरफ्तार करने के आदेश दिए हैं।
भोपाल में कम्युनिटी ट्रांसमिशन का खतरा बढ़ गया है। कलेक्टर तरुण पिथोड़े के निर्देश पर एडीएम सतीश कुमार ने धारा 144 के पहले से लागू आदेश में संशोधन कर दिया। नए आदेश के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने पर गिरफ्तारी की जाएगी। सोमवार से सिर्फ मेडिकल स्टोर, दूध पार्लर और होम डिलीवरी की सुविधा रहेगी। पेट्रोल पंप, किराना और अन्य दुकानें की छूट खत्म कर दी गई है। सड़क पर घूमते पाए जाने पर गिरफ्तार किया जाएगा। आपातकालीन सेवाओं के अतिरिक्त अन्य सभी कारणों के लिए दिए गए पास भी सस्पेंड कर दिए गए हैं। पुराने भोपाल में पुलिस को नियमों का पालन कराने में मशक्कत करनी पड़ रही है।